सीतापुर। कलेक्ट्रेट सभागार में एडीएम न्यायिक खालिद अंजुम की अध्यक्षता में कार्यशाला हुई। कार्यशाला में आईजीआरएस में प्राप्त शिकायतों के बारे में चर्चा करते हुए शिकायतों के गुणवत्तापरक एवं समयबद्ध तरीके से निस्तारण से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
बताया गया कि आईजीआरएस पर कोई भी शिकायत प्राप्त होती है, उसको प्रतिदिन देखा जाए तथा शिकायतकर्ता द्वारा की गई शिकायत जिस विभाग से संबंधित नहीं है तो उसे तीन दिवस के भीतर वापस कर दी जाए। जिससे संबंधित विभाग डिफाल्टर न होने पाए।
अगर शिकायत उनके विभाग से संबंधित है तो उस पर सही आख्या प्रस्तुत करते हुए शिकायतकर्ता से फीडबैक अवश्य प्राप्त कर लें, जिससे बाद में कोई परेशानी न होने पाए। बताया गया कि आईजीआरएस का एप मोबाइल पर लॉगिन रखें तथा प्रतिदिन संबंधित द्वारा उसको देखा जाए, जिससे जनपद रैंकिंग में सबसे अच्छा प्रदर्शन कर सके। कार्यशाला में जिला विकास अधिकारी हरिश्चंद्र प्रजापति, उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, क्षेत्राधिकारी व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।