संदना। सरायन नदी की तलहटी में डेरा डाले बाघिन अभी तक वन विभाग की पकड़ से दूर है। मंगलवार को लगातार दूसरे दिन बाघिन के ताजा पगचिह्न रसुलवा गांव के पास मिलने पर पिंजरा लगाया गया है। बाघिन की लगातार चहल कदमी से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है। मिश्रिख वन रेंज में गत 15 जुलाई को रसुलवा गांव के पास खेत में काम करने गए किसान कमल किशोर पर बाघिन ने हमला किया था। हमले में किसान की मौत हो गई थी। जांच के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में बाघिन की मौजूदगी की पुष्टि की थी। तभी से उसे पकड़ने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। वन विभाग की सात टीमें लगाई गई हैं।
गांव में कमांड सेंटर भी बनाया गया है, लेकिन 111 दिन बीतने के बाद भी बाघिन पकड़ में नहीं आई है। हांलाकि, इस दौरान अलग-अलग स्थानों पर कई बार बाघिन के पगचिह्न मिलते रहे। पड़वा और बकरी का उसने शिकार किया। सीसीटीवी कैमरे में भी बाघिन की तस्वीरें कैद हुई। लेकिन वन विभाग के हाथ बाघिन नहीं आई। वन विभाग की तमाम कवायदों के बाद भी बाघिन लगातार चकमा दे रही है।
सोमवार को रसुलवा गांव के पास सरायन नदी की तलहटी में बाघिन के पगचिह्न मिले थे। मंगलवार को भी इसी क्षेत्र में नए निशान मिलने के बाद वन विभाग ने रसुलवा में घटनास्थल से करीब लगाए गए पिंजरे की लोकेशन बदल दी है। मिश्रिख रेंजर सिकंदर सिंह ने बताया कि अब पिंजरा सरायन नदी के किनारे पगचिह्न मिलने वाले स्थान पर लगाया गया है। वन विभाग की टीम निगरानी कर रही है।