संदना। बाघिन के पगचिह्न मंगलवार को कोड़रीपुरवा और धवरपारा के मध्य खेतों में पाए गए हैं। करीब 10 किलोमीटर के दायरे में बाघिन की मौजूदगी से क्षेत्र के करीब 30 गांवों की 25 हजार आबादी दहशत में है। वहीं बाघिन की तलाश में जुटी वन विभाग की टीमों को 125 दिन बाद भी सफलता नहीं मिल सकी है।
मिश्रिख वन रेंज के जगदीशपुर के पास लगातार दो दिन बाघिन के पगचिह्न मिले। तीसरे दिन मंगलवार को कोडरीपुरवा और धवरपारा के पास खेतों में बाघिन के नए पगचिह्न मिले हैं। लगातार अलग-अलग स्थानों पर बाघिन के पगचिह्न मिलने से वन विभाग ने तलाश का दायरा बढ़ा दिया है।
बाघिन ने 15 जुलाई को रसुलवा निवासी किसान कमल किशोर पर हमला किया था। इसके बाद से बाघिन इलाके में डेरा डाले हुए है। वन विभाग के पिंजरों व लालच देने को बांधे गए पड़वों की तरकीब भी काम नहीं आ रही है। बाघिन के डर से खेती के कामकाज प्रभावित हैं। किसान मोहन ने बताया कि खेत जाने की हिम्मत नहीं होती है। किसान रामऔतार ने बताया कि गन्ने की छिलाई के लिए मजदूर नहीं मिल रहे हैं। इससे किसानों के सामने परेशानी खड़ी हो गई है।