खेत में बाघ के पगचिह्न मिलने पर जुटे ग्रामीण।
इमलिया सुल्तानुपर (सीतापुर)। बाघ ने शनिवार रात एक गोवंश का शिकार किया। हमला करने के बाद बाघ गोवंश को 100 मीटर तक घसीट ले गया। सूचना पाकर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने काॅम्बिंग कर लोगों को सतर्क रहने को कहा है। बाघ की आहट से ग्रामीणों में दहशत बढ़ गई है।
इमलिया सुल्तानपुर में बाघ की दहशत कम होने का नाम नहीं ले रही है। बुधवार को वन विभाग ने ढोलई गांव से हटाकर बिशुनपुर में पिंजरा लगाया था, लेकिन बाघ पिंजरे के पास तक नहीं गया। बाघ इलाके में ही लगातार चहलकदमी कर रहा है। शनिवार रात रामविलास पुरवा के बाहर खेतों में बाघ ने एक गोवंश का शिकार किया।
खेतों की ओर पहुंचे ग्रामीणों के मुताबिक बाघ ने शिवलाल के खेत में गोवंश को शिकार बनाया। वहां से करीब 100 मीटर तक घसीटकर गोवंश को राजेश के खेत तक ले गया, जहां उसे निवाला बनाया। सूचना पर वनविभाग की टीम ने मौका मुआयना किया। टीम ने कॉम्बिंग कर ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी।