सीतापुर। रामपुर मथुरा ब्लॉक क्षेत्र के अखरी में 7.12 करोड़ रुपये की लागत से तटबंध का निर्माण कराया जा रहा है। विधायक ज्ञान तिवारी ने मंगलवार को बाढ़ से पूर्व बचाव को लेकर कराए जा रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। साथ ही समय से कार्य पूरे कराने को कहा।
विधायक ने कहा तटबंध निर्माण के कार्य मानक के अनुसार कराए जाएं। इनमें गुणवत्ता के साथ समझौता नहीं किया जाएगा। कहा कि जो निर्माण कार्य चल रहे हैं उनमें स्थानीय श्रमिकों को ही लगाया जाए। इससे श्रमिकों को क्षेत्र में ही रोजगार मिल सकेगा।
पूर्व में बने बंधे पर खडंजा लगाने का काम चल रहा है। ग्रामीणों ने इसमें मानकों की अनदेखी की शिकायत की। इस पर विधायक ने नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता परक कार्य कराने के निर्देश दिए। इस मौके पर ओम प्रकाश मिश्रा, अधिशासी अभियंता शशिकांत, लक्ष्मी मौर्य, मनोज सिंह आदि मौजूद थे।