सीतापुर। जिले में एक साथ 12 कोरोना संंक्रमित मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। जिला अस्पताल के प्राइवेट वार्ड को 10 बेड के एल-2 अस्पताल में तब्दील कर दिया गया है। हालांकि यहां अभी सामान्य बीमारियों से पीड़ित मरीज भर्ती किए जा रहे हैं। वहीं मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमें संक्रमित मरीजों के घर पहुंचीं। परिजनों व आसपास के लोगों के सैंपल लिए।
जिले में सोमवार को कोरोना के 12 संक्रमित मिलने से हड़कंप मच गया था। इन सभी मरीजों ने सर्दी, जुकाम, खांसी व बुखार होने की शिकायत पर सीएचसी पहला में अपनी कोविड की जांच करवाई थी। इनमें महमूदाबाद के बाबूपुर की दो महिलाएं, रायपुर, बलसिंगपुर, नेवदिया, अंबरपुर, मेदनीय, पट्टी, मानिकापुर, बनवीरपुर, बेढ़ौरा के एक-एक मरीज संक्रमित मिला। मोलाई गांव में एक 9 साल का मासूम भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया।
मंगलवार को सीएचसी पहला व सीएचसी महमूदाबाद की टीमें पीड़ितों के गांव पहुंची। ये सभी मरीज अपने-अपने घर पर ही होम क्वारंटीन हैं। जांच के लिए पहुंची टीम ने परिजनों व पड़ोसियों के भी सैंपल लिए। सभी सैंपल जांच के लिए लैब भेज दिए गए हैं। सीएचसी अधीक्षक पहला डॉ. राजीव कुमार वर्मा ने बताया इन मरीजों की देखरेख के लिए आशा संगिनी की ड्यूटी लगाई गई है।
जिला अस्पताल परिसर में बने प्राइवेट वार्ड को एल-2 अस्पताल में तब्दील किया गया है। संक्रमितों के लिए पांच कमरों में 10 बेड रिजर्व हैं। साथ ही ऑक्सीजन की व्यवस्था कर दी गई है। जिला अस्पताल के प्रभारी सीएमएस डॉ. पवन वर्मा ने बताया ऑक्सीजन प्लांट चल रहा है। कोविड मरीजों के लिए दवाओं का पर्याप्त स्टॉक है।
गैर जनपद से आया संक्रमण
सीएमओ डॉ. मधु गैरोला ने बताया कि जांच में पता चला है कि ये मरीज गैर जनपद गए हुए थे। कोई बाराबंकी तो गोंडा व बनारस घूमने या किसी मांगलिक कार्यक्रम में गया हुआ था। वहां से लौटने के बाद सभी में बुखार, खांसी व उल्टी दस्त की शिकायत हुई।
टीमों को किया गया अलर्ट
एक साथ 12 संक्रमित मिलने के बाद टीमों को अलर्ट कर दिया गया है। मरीजाें के घर जाकर अन्य परिजनों के सैंपल लिए गए हैं। एहतियात के तौर पर जिला अस्पताल में एलटू अस्पताल बनाया गया है।
डॉ. मधु गैरोला, सीएमओ