कुएं की सफाई करने उतरा एक ग्रामीण जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गया। यह देख उसका बेटा और भाई भी कुएं में उतर गए। ये दोनों भी कुएं में बेहोश होकर गिर पड़े। आसपास के लोगों ने किसी तरह तीनों को कुएं से बाहर निकाला।
सूचना पर पहुंची पुलिस व फायर बिग्रेड टीम ने कुएं गैस निकलवा कर पानी भरवा दिया है। शहर कोतवाली इलाके के बड़ागांव में एक पुराना कुंआ है। इससे लोग पानी नहीं निकालते हैं, लेकिन वहीं का निवासी युनुस सांप काटने पर झाड़-फूंक करता है। जिसके लिए उसे कुएं से पानी निकालने की जरूरत होती है।
इसी वजह से युनुस कुएं को साफ करना चाहता था। कुएं की सफाई के लिए वह उसमें उतर गया। उसकी मदद में बेटा व भाई भी वहीं खड़े थे। इस दौरान कुएं से जहरीली गैस निकलने लगी। जिससे उसकी चपेट में आकर युनुस कुएं में ही गिर गया। यह देखकर पहले उसका बेटा नफीस और फिर भाई शमशेर भी कुएं में उतर गए।
वहां पहुंच कर दोनों भी गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गए। जानकारी होते ही वहां ग्रामीण एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने कुएं में फंसे लोगों को निकालने का प्रयास करने के साथ ही पुलिस व दमकल टीम को सूचना दी। इस बीच ग्रामीणों ने कुएं में फंसे तीनों लोगों को बाहर निकाल लिया।
दमकल टीम ने मौके पर पहुंच कुएं से गैस निकाली और उसे पानी से भरवा दिया। ग्राम प्रधान लतीफ का कहना है कि कुंआ पुराना है। जिससे उसकी सफाई करते समय गांव निवासी युनुस, उसका बेटा नफीस व भाई शमशेर बेहोश गए थे, लेकिन उनकी हालत पूरी तरह ठीक है।