जहांगीराबाद में खून की जांच करते महिला स्वास्थ्य कर्मी।
- फोटो : अमर उजाला/संवाद
जहांगीराबाद। गांव में फैले हेपेटाइटिस संक्रमण के बीच सोमवार को चार और मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें तीन मरीज हेपेटाइटिस सी और एक हेपेटाइटिस बी से संक्रमित मिला है। इसके साथ ही गांव में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 63 हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग की चार टीमों ने सोमवार को गांव में अभियान चलाकर 97 घरों को कवर किया। इस दौरान 581 लोगों की स्क्रीनिंग की गई और 445 लोगों के ब्लड सैंपल लिए गए। प्राथमिक जांच कार्ड के माध्यम से की जा रही है। पॉजिटिव मिलने पर आरटीपीसीआर जांच से पुष्टि की जाएगी।
शनिवार को लिए गए सैंपलों की रिपोर्ट में चार नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई। अब तक गांव में हेपेटाइटिस सी के 60 और हेपेटाइटिस बी के तीन मरीज मिल चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग ने मरीजों को इलाज उपलब्ध कराने के लिए तंबौर सीएचसी को केंद्र बनाया है, ताकि लोगों को जिला अस्पताल न जाना पड़े। सोमवार को आठ मरीजों को दवा दी गई। अब तक 18 मरीजों का इलाज शुरू कराया जा चुका है।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. दीपेंद्र वर्मा ने बताया कि दो दिन में पूरे गांव की स्क्रीनिंग पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद संक्रमण के कारणों की जांच की जाएगी।