सीतापुर। जिले में मलेरिया के मरीज लगातार सामने आ रहे हैं। जिला अस्पताल की जांच में शुक्रवार को तीन और मरीज मिले है। इन मरीजों का प्राथमिक इलाज शुरू हो गया है। अप्रैल 2026 से अब तक मलेरिया के 32 मरीज सामने आ चुके हैं।
जिला अस्पताल की ओपीडी शुक्रवार सुबह आठ बजे से प्रारंभ हुई। सुबह से ही लाइनें लगी रहीं। दोपहर 12 बजे तक ओपीडी चली। इस दौरान करीब 200 मरीजों की पैथोलॉजी में जांच कराई गई। इसमें सबसे अधिक बुखार के मरीज रहे।
जांच के दौरान तीन मरीजों में मलेरिया की पुष्टि हुई। हालांकि इनकी हालत गंभीर न होने के चलते दवा देकर आराम करने की सलाह दी गई। पांच दिन बाद फिर से जांच के लिए बुलाया गया है। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. इंद्र सिंह ने बताया कि मलेरिया के मरीज मिलने के बाद इलाज शुरू करा दिया गया है। मरीजों की निगरानी की जा रही है। अस्पताल में दवाओं व जांच की कोई दिक्कत नहीं है।