बिसंवा (सीतापुर)। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर तीन तलाक देकर पत्नी को घर से भगाने के मामले में महिला आयोग के हस्तक्षेप पर केस दर्ज किया गया है। पुलिस जांच कर कार्रवाई की बात कह रही है।
रामपुर कला थानाक्षेत्र के टेडवा मजरा मझिगवां कला निवासी जाफर अली की पुत्री नूरजहां ने महिला आयोग में शिकायत कर बताया कि 12 वर्ष पूर्व जमालुद्दीन पुत्र मुशर्रफ निवासी पुरैनी कोतवाली बिसवां के साथ उसका निकाह हुआ था।
उसके पिता ने हैसियत के मुताबिक दहेज भी दिया था। किंतु ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं था। आरोप है कि 50 हजार रुपये तथा मोटर साइकिल की मांग को लेकर ससुराल मे अक्सर उसे प्रताड़ित किया जाने लगा।
करीब एक वर्ष पूर्व उसे मारपीट कर जेवर कपड़े छीनकर घर से निकाल दिया गया। घरवालों के प्रयास के बाद भी ससुरालीजनों ने उसे घर में नही रखा। आरोप है कि 18 नवंबर को उसका पति व सास मायके आए और धमकाते हुए पति ने तीन तलाक दे दिया।
कोतवाली प्रभारी ओपी तिवारी ने बताया महिला आयोग के निर्देश पर आरोपी के विरुद्ध दहेज एक्ट व धमकाने का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।