लहरपुर। एक पशुपालक ने पशु चिकित्सालय से एक्सपायरी दवा दिए जाने से तीन गोवंशों की मौत होने का आरोप लगाते हुए पशुपालन विभाग और पुलिस से शिकायत की है। दो गोवंशों की स्थिति दयनीय होने की भी जानकारी दी है। उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी से पशु चिकित्सक के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।
लहरपुर ब्लॉक के ग्राम घूरेपारा निवासी अर्जुन सिंह ने उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को शिकायती पत्र दिया है। इसमें बताया कि उनके पशुओं को काठा रोग किलोनी हो गई थी। जिसके लिए पशु चिकित्सालय महाराज नगर से वह दवाएं लाए थे। पशु चिकित्सक ने एक्सपायरी दवाएं दे दीं। इन दवाओं के सेवन से तीन बछड़ों की मौत हो गई और दो की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
अर्जुन ने पहले 1962 नंबर पर कॉल करके लहरपुर अस्पताल से मोबाइल यूनिट बुलाई। यूनिट के डॉक्टर ने बताया कि जो दवा दी गई है, उससे बछड़ों के शरीर में जहर बन गया है और बचने की संभावना कम है। अर्जुन सिंह ने पशु विभाग एवं पुलिस विभाग को शिकायती पत्र देकर पशु चिकित्सक के विरुद्ध जांच व कार्रवाई की मांग की है।