महोली (सीतापुर)। कारीपाकर गांव के पास शनिवार को शाहजहांपुर से सीतापुर की तरफ जा रही कार बाइक से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार कोल्हौरा रुस्तम नगर निवासी मनोज (22) की मौके पर मौत हो गई। वहीं दो अन्य युवक घायल हो गए। हादसे के बाद कार सड़क किनारे गड्ढे में उतर गई। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया है।
इंस्पेक्टर दिलीप चौबे ने बताया कि एक ही बाइक पर कोल्हौरा रुस्तम नगर निवासी भोगपाल (26), अखिलेश (32) व मनोज (22) गांव से मजदूरी करने पिसावां के नेवदिया गांव जा रहे थे। भोगपाल बाइक चला रहे थे। अखिलेश व मनोज पीछे बैठे थे।
कारीपाकर गांव के पास बंद पड़े एक ईंट-भट्ठे के सामने पीछे से आई कार बाइक से टकराई। हादसे में बाइक सवार तीनों युवक छिटककर दूर जा गिरे। हादसे में मनोज की मौके पर मौत हो गई। कार भी अनियंत्रित होकर मार्ग के किनारे गड्ढे में चली गई। कार पर पांच लोग सवार थे। कार सवार दिल्ली से सीतापुर में किसी रिश्तेदार की अंत्येष्टि में शामिल होने जा रहे थे। इसमें कोई भी चोटिल नहीं हुआ है। कार्रवाई की जा रही है।