सीतापुर। बिसवां पुलिस ने शुक्रवार को तीन अंतरजनपदीय वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। सीओ बिसवां सतीश शुक्ला ने बताया कि थाना रामपुर कलां के मुंशीपुरवा गांव निवासी मथुरा, जितेंद्र कुमार और बिसवां के काशीराम कॉलोनी निवासी अभय शुक्ला को पुरैनी पुल के पास से गिरफ्तार किया गया है। तीनों के पास से चोरी की दो बाइकें व एक-एक तमंचा व कारतूस बरामद हुआ है।
प्रभारी निरीक्षक तेज प्रकाश सिंह ने बताया कि शुक्रवार को पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुरैनी पुल के पास दो बाइकों पर तीन संदिग्ध लोग जाते दिखे। पुलिस टीम ने रुकने का इशारा किया तो तीनों भागने लगे। हालांकि पुलिस टीम ने किसी तरह तीनों को पकड़ लिया। इनकी पहचान रामपुर कलां थाना क्षेत्र के मुंशीपुरवा गांव के मजरा सिकंदराबाद निवासी मथुरा प्रसाद व जितेंद्र कुमार और बिसवां के कांशीराम कॉलोनी निवासी अभय शुक्ला के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि एक बाइक 4 मार्च को बिसवां सीएचसी व दूसरी बाइक पिछले वर्ष दीपावली के समय मानपुर कस्बे से चोरी की थी। आरोपी नंबर बदलकर दोनों बाइकों का इस्तेमाल कर रहे थे।
मथुरा प्रसाद पर छह, जितेंद्र पर 2 व अभय पर दर्ज है एक केस
पुलिस के मुताबिक मथुरा प्रसाद पर बिसवां, महमूदाबाद व सकरन में छह केस दर्ज हैं। अभय शुक्ला पर लखनऊ के मड़ियांव में एक केस और जितेंद्र कुमार पर रामपुर कलां थाना क्षेत्र में आर्म्स एक्ट के तहत दो केस दर्ज हैं।