सीतापुर। शहर कोतवाली क्षेत्र में गल्ला व्यापारी के साथ हुई लूट की घटना को अंजाम देने वाले बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ गए हैं। मुठभेड़ के बाद रविवार को प्रयागराज पुलिस ने चार बदमाशों को गिरफ्तार किया। इस दौरान दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है। पकड़े गए चार बदमाशों में से दो ने लूट की वारदात को अंजाम दिया था। बदमाशों के पास से लूटी हुई नकदी भी बरामद हो गई है। हालांकि गैंग में शामिल किन दो बदमाशों ने सीतापुर में लूट की वारदात अंजाम दी, इसका पता नहीं चल सका है। अमर उजाला ने रविवार को ही बदमाशों के प्रयागराज पुलिस के हत्थे चढ़ने का खुलासा कर दिया था। हालांकि तब अधिकारी खुलकर बोलने को तैयार नहीं थे।
शहर के हेमपुरवा निवासी विनोद कुमार गुप्ता गल्ला व्यापारी हैं। विनोद शुक्रवार सुबह स्टेट बैंक की मुख्य शाखा से 9.50 लाख रुपये निकालकर गल्ला मंडी स्थित अपनी दुकान पहुंचे थे। उन्होंने जैसे ही बाइक की डिग्गी से रुपये से भरा बैग निकाला, पैदल आया बदमाश कैश लूटकर भाग निकला। वारदात के बाद मौके पर पहुंचे आईजी रेंज ने घटना के खुलासे के निर्देश दिए थे। खुलासे के लिए स्वॉट, सर्विलांस समेत पुलिस की चार टीमें लगाईं गईं थी। सीसीटीवी फुटेज के सहारे पुलिस बदमाशों के करीब पहुंच गई।
इसी बीच प्रयागराज पुलिस ने मुठभेड़ में दो अलग-अलग स्थानों से चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। थाना नबागंज पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान बिहार के कटिहार थाना रौतारा नया टोला निवासी किशन यादव और काशी बंजारा को गिरफ्तार कर लिया। काशी भी कटिहार के कोढ़ा थाना क्षेत्र का रहने वाला है। मुठभेड़ में किशन के पैर में गोली लगी।
वहीं थाना सिविल लाइन और एसओजी गंगानगर की टीम ने कटिहार जिले के थाना कोढ़ा निवासी नीरज कुमार और थाना रौतारा निवासी शंकर कुमार को गिरफ्तार किया। यहां हुई मुठभेड़ में नीरज के पैर में गोली लगी।
एसपी चक्रेश मिश्र ने बताया कि चारों अपराधी एक ही गैंग के थे। इनको प्रयागराज पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जिले की भी एक टीम वहां गई थी। दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है। आरोपियों के पास से आठ लाख 35 हजार रुपये नगद, तमंचे, बाइक और मिर्च पाउडर भी बरामद हुआ है।
....
मिर्च पाउडर झोंक कर अंजाम देते थे वारदात
एसपी ने बताया कि गैंग में शामिल बदमाश शातिर हैं। ये लोग दो-दो लोगों की टीम बनाकर अलग-अलग स्थानों पर लूट की घटना को अंजाम देते थे। पकड़े गए बदमाशों के पास से आठ जाली आधारकार्ड भी बरामद हुए हैं। आरोपी फर्जी आईडी दिखाकर होटलों में ठहरते थे। फिर घटना को अंजाम देने के बाद भाग जाते थे। एसपी चक्रेश मिश्र ने बताया कि शहर कोतवाली में घटना करने से पहले बदमाश लखनऊ के एक होटल में फर्जी आईडी देकर ठहरे थे। घटना को अंजाम देते समय मिर्च पाउडर भी झोंक देते थे। एसपी ने बताया कि लूट के दौरान सीसीटीवी में कैद हुई बाइक बरामद हो गई है। चारों बदमाशों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। इसके बाद ही खुलासा हो पाएगा कि सीतापुर में हुई वारदात में इन चारों में से कौन शामिल था।