इमलिया सुल्तानपुर (सीतापुर)। बीबीपुर गांव में शनिवार रात चोरों ने एक घर से नकदी समेत पांच लाख का माल पार कर दिया। सुबह होने पर पीड़ित को घटना की जानकारी हुई। पुलिस ने भी मौके पर जाकर जांच की है।
काजीकमालपुर चौकी से एक किलोमीटर की दूरी पर महोली-हरगांव मार्ग पर बीबीपुर गांव है। गांव निवासी रामनाथ के अनुसार वह शनिवार रात परिवार सहित घर की छत पर सो रहे थे। चोर पीछे की दीवार के सहारे छत पर चढ़कर घर में घुसे। चोरों ने कमरे में रखे बक्से का ताला तोड़कर 65 हजार रुपये समेत करीब पांच लाख रुपये का माल पार कर दिया।
सुबह होने पर दो बक्से घर के पीछे पड़े मिले। सुबह गृहस्वामी ने कमरे की हालत देखी उनको चोरी की जानकारी हुई। पीड़ित ने यूपी 112 पर घटना की जानकारी देने के साथ ही थाने पर तहरीर दी है। थानाध्यक्ष श्यामू कनौजिया ने बताया कि मामला संदिग्ध है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।