खैराबाद (सीतापुर)। मुलायमपुर गांव में रविवार को दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। संघर्ष में दोनों पक्षों से नौ लोग जख्मी हो गए। चार की हालत नाजुक है। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव निवासी सचिन घर से कूड़ा लेकर बाग की तरफ जा रहे थे। वहां पर पहले से मौजूद मकरंद, रज्जन अपने साथियों के साथ मिलकर सचिन को घेरकर मारने लगे। चीख सुनकर दोनों तरफ से लोग आ गए। इसके बाद जमकर लाठी-ठंडे चलने लगे। मारपीट में दात्यापाल (26), पिंटू (30), मकरंद (35), रजनीश (32), सुरेंद्र (50), संदीप (25), अमरसिंह (19), सुशील (36), सचिन (18) बुरी तरह से घायल हो गए।
मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को सीएचसी पहुंचाया, जहां से पिंटू, मकरंद, दत्यापाल व रजनीश को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। ग्रामीणों की मानें तो कुछ दिनों पूर्व मुंडन संस्कार में हुए कोई विवाद की वजह से झगड़ा हुआ था। थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों में मारपीट हुई है। दोनों पक्षों से तहरीर मिली है। कार्रवाई की जा रही है।