सकरन(सीतापुर)। बिजली विभाग फॉल्ट दुरुस्त करने में लापरवाही बरत रहा है। ग्राम पंचायत मड़ोर में सात दिनों से अंधेरा है। शिकायत के बावजूद लाइन दुरुस्त नहीं की जा सकी हैं। ग्राम पंचायत मड़ोर के मजरा मनिकौड़ा में एचटी लाइन का तार गिरने के कारण रविवार को गांव में बिजली गुल हो गई थी। दो हजार की आबादी वाले गांव में 85 कनेक्शनधारक हैं। जिनमें से अधिकतर लोगों ने अपने बिजली बिल भी जमा कर रखे हैं।
उसके बाद भी सात दिन से टूटे पड़े तार जोड़े नहीं जा रहे हैं। ग्रामीण मेराज, सुहेल, राकेश, अजमत, सालिकराम व कमलेश आदि ने बताया कि गांव में बिजली न आने के कारण न तो मोबाइल चार्ज हो पाते है और न ही कोई इलेक्ट्राॅनिक उपकरण चल पा रहे हैं।
इसके अलावा बच्चों की पढ़ाई नहीं हो पा रही है। ग्रामीणों ने टूटे पड़े तारों को ठीक कराकर बिजली आपूर्ति बहाल किए जाने की मांग की है। अवर अभियंता सुरेश चंद्र ने बताया कि जानकारी मिली है। जल्द आपूर्ति बहाल की जाएगी।