मछरेहटा (सीतापुर)। सूरजपुर चौराहे पर पुलिस पिकेट रहती है। चोरों ने चौराहे पर स्थित एक किराना दुकान से रविवार रात लाखों का माल उड़ा दिया। शटर काटकर दुकान से करीब दो लाख का माल पार कर दिया। सुबह दुकान पहुंचे दुकानदार की सदमे में हालत बिगड़ गई। उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। पुलिस का दावा है कि करीब 30 हजार का माल चोरी हुआ है।
मछरेहटा थाना क्षेत्र के बनियामऊ गांव निवासी श्यामसुंदर की क्षेत्र के ही सूरजपुर चौराहे पर किराना की दुकान है। रविवार देर रात दुकान मालिक दुकान बंद कर घर चला गया था। इस बीच चोरों ने दुकान के शटर का ताला तोड़कर वहां से नकदी, किराना का सामान सहित करीब दो लाख रुपये का माल पार कर दिया। सुबह आसपास के लोगों ने जब दुकान का शटर खुला देखा तो दुकानदार को सूचना दी। खबर पाकर दुकान मालिक मौके पर पहुंचा।
बताते हैं कि दुकान में चोरी होने का सदमा दुकानदार बर्दाश्त नहीं कर पाया। उसकी वहीं पर अचानक हालत बिगड़ गई। लोग अटैक समझ कर फौरन मछरेहटा सीएचसी से ले गए, जहां इलाज चल रहा है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. कमलेश कुमार ने बताया कि जिस व्यक्ति के यहां चोरी हुई थी। हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल लाया गया था। इलाज के बाद अब ठीक है। वह अपने घर जा चुका है। एसओ राजकुमार ने बताया कि घटना की जानकारी हुई है। दुकान में करीब 30 हजार की चोरी हुई होगी। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
एक साल पहले भी हो चुकी लूट
सूरजपुर चौराहे पर किराना दुकान से हुई चोरी को लेकर सूत्रों का कहना है कि इस दुकान में इससे पहले भी लूट हो चुकी है। करीब एक साल पूर्व बदमाशों ने दुकान स्वामी को बंधक बनाकर हजारों का सामान लूट ले गए थे। उसके बाद अब दोबारा चोरी हुई है। खास बात यह है कि घटनास्थल से कुछ दूरी पर ही पुलिस पिकेट रहती है। रात को हुई चोरी के बाद से लोग पुलिस पर भी लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं।