सीतापुर। Ḥगेहूं के खेत में संदिग्ध हालात में मृत मिले युवक के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर किसी भारी चीज से प्रहार किए जाने की बात सामने आई है। बाराबंकी के थाना बड्डूपुर गांव गंगचौली निवासी रोहित कुमार (24) का शव मंगलवार को रामपुरकला के गनेशपुर मजरा कोडार में गेहूं के खेत में पड़ा मिला था।
पिता जंत्रीलाल के मुताबिक खजुरिया गांव निवासी संजय वर्मा और उसका एक साथी सोमवार सुबह रोहित को लेकर गए थे। बुधवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला है कि किसी भारी चीज से रोहित का सिर कुचल गया है। उसकी हत्या की गई है या फिर उसका सिर किसी वाहन के नीचे आया है, इस बात का पता नहीं चल सका है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया था। लेकिन आरोपी पकड़ से दूर हैं। सीओ सिधौली यादवेंद्र यादव ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। पूछताछ के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।