मिश्रिख (सीतापुर)। बरात की विदाई की तैयारियों के बीच शनिवार को अचानक दूल्हा घर से लापता हो गया। परिजनों द्वारा सूचना दिए जाने पर लड़की पक्ष में हड़कंप मच गया। दोनों पक्षों ने थाने पहुंचकर पुलिस को जानकारी दी।
नैमिषारण्य के मीरापुर निवासी सुजीत की शादी हरदोई जिले के संडीला थाना क्षेत्र के एक गांव से तय थी। 19 नवंबर को तिलक हुआ था। 22 नवंबर यानि शनिवार को सुजीत को बरात लेकर संडीला पहुंचना था। घर में बरात की विदाई की तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच अचानक दूल्हा सुजीत लापता हो गया। दूल्हे के चाचा ने लड़की पक्ष को इसकी जानकारी दी। इसके बाद लड़की पक्ष में हड़कंप मच गया।
नैमिषारण्य थाने पहुंचे लड़की के पिता ने बताया कि शनिवार दोपहर उनको सूचना दी गई कि दूल्हा लापता हो गया है। पीड़ित ने बताया कि घर पर शादी की सारी तैयारियां थीं। कारीगर व टेंट आदि तैयार था। लड़की के पिता ने बताया कि उन्होंने संडीला थाने में तहरीर दी है। नैमिषारण्य थाना प्रभारी नवनीत मिश्रा ने बताया कि मामला जानकारी में है। लड़की पक्ष काफी देर तक इंतजार करता रहा लेकिन लड़का वापस नहीं आया। आपस में बातचीत हुई। इसके बाद लड़की पक्ष के लोग चले गए।