धूप से बचने के लिए बच्चे को कैप और खुद को दुपट्टे से ढककर जाती मां। - संवाद
सीतापुर। मौसम ने करवट बदली तो सोमवार सुबह उमस भरी गर्मी से लोगों को कुछ सुकून मिला। जिले के लहरपुर इलाके में हुई बारिश से जहां मौसम खुशगवार हो गया, वहीं तमाम हिस्सों में बूंदाबांदी हुई और बादल तरसाकर निकल गए। हालांकि, दिन में कई बार बादल छाए लेकिन कुछ देर बाद धूप निकलने से उमस बढ़ गई।
जिले में मौसम के मिजाज में उतार-चढ़ाव जारी है। सोमवार की सुबह मौसम के तेवर नरम रहे। काले बादल घुमड़ने लगे और मंद-मंद हवा चलने लगी। सुबह करीब आठ बजे लहरपुर इलाके में बादलों ने बरसना शुरू कर दिया। बारिश देख युवा और बच्चे घर से निकल आए और जमकर मस्ती की।
करीब आधे घंटे तक हुई झमाझम बारिश ने गर्मी से लोगों को राहत दिलाई। लहरपुर में कई मार्गाें पर जलभराव की स्थिति बन गई। शहर मुख्यालय समेत कमलापुर, हरगांव व अन्य क्षेत्रों में दोपहर के समय बौछारें पड़ीं। हालांकि, धूप-छांव का खेल दिनभर चलता रहा। इसके बाद भी घरों व दुकानों के भीतर उमस भरी गर्मी परेशान करती रही।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार की तुलना में अधिकतम व न्यूनतम तापमान एक-एक डिग्री बढ़ा है। जिले में मंगलवार को बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। कई क्षेत्रों में बौछारें पड़ने का पूर्वानुमान मौसम विभाग ने जारी किया है।