सीतापुर। प्रत्यायन चालन प्रशिक्षण केंद्र (एडीटीसी) में डीएल के आवेदकों को ड्राइविंग का टेस्ट दिलाए जाने वाले वाहन का ही टैक्स बकाया था। इसका खुलासा शनिवार को एआरटीओ प्रशासन की ओर से खैराबाद के अर्जुन्पुर में बने एडीटीसी में किए गए औचक निरीक्षण में हुआ।
हालांकि, वाहन का बकाया टैक्स तत्काल जमा कराया गया। इसके अलावा सिम्युलेटर डिस्पले दुरुस्त नहीं था और हैवी वाहनों की यांत्रिक दशा की जानकारी देने वाले ट्रेनर भी गैर हाजिर थे। एआरटीओ ने सभी खामियां को दुरुस्त करने के लिए तीन दिन की मोहलत दी है। अनदेखी व लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी एडीटीसी के संचालक को दी गई है।