सीतापुर। शहर के कैप्टन मनोज पांडेय चौक के सुंदरीकरण को लेकर कवायद तेज हो गई है। चुंगी चौकी पर बीच सड़क पर बने करीब 25 साल पुराने मंदिर को रविवार को जिला प्रशासन ने बुलडोजर से ढहा दिया। मंदिर से मूर्तियां हटवाकर उन्हें पास के हनुमान मंदिर में शिफ्ट कराया गया। इस दौरान मंदिर टूटते देख कई भक्त भावुक हो गए।
जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने शहर के पांच चौराहों को मेट्रो सिटी की तर्ज पर विकसित करने की योजना तैयार की है। इनमें कैप्टन मनोज पांडेय चौक, जीआईसी चौराहा, अस्पताल चौराहा, अटल चौक व बस स्टैंड चौराहा शामिल हैं। पहले चरण में बीच सड़क पर बने अतिक्रमण को हटवाया जा रहा है।
एडीएम नीतीश कुमार सिंह, एसडीएम सदर, ईओ व पुलिस बल चुंगी चौकी पहुंचे।
मंदिर में पूजा-अर्चना करने वाले लोगों से बातचीत की गई। विधि-विधान से मूर्तियों को हटवाया गया। नायब तहसीलदार महेंद्र तिवारी ने खुद हथौड़ा चलाकर मूर्तियां हटाईं। इसके बाद बुलडोजर से मंदिर को ढहा दिया गया।
बताया जा रहा है कि जेसीबी चालक ने हिंदू होने की बात कहकर मंदिर तोड़ने से मना कर दिया। इसके बाद दूसरे चालक को बुलाकर कार्रवाई पूरी कराई गई।
इस दौरान कई भक्त रो पड़े। उनका कहना था कि वे दशकों से मंदिर में पूजा-अर्चना करते आ रहे हैं और मंदिर के प्रति उनकी गहरी आस्था है। मंदिर टूटने से उन्हें काफी दुख हुआ। मौके पर हिंदूवादी नेताओं व तमाम लोगों की भीड़ मौजूद रही।