इलसिया पार्क में झूला झूलते बच्चे।
सीतापुर। जिले में सोमवार को मौसम ने एक बार फिर करवट बदली। सुबह छाई धुंध छंटी और धूप निकली तो मौसम सामान्य हो गया। दिन चढ़ने के साथ धूप का ताप बढ़ता रहा। इससे दिन में अधिकतम दो डिग्री जबकि न्यूनतम पारे में एक डिग्री का उछाल दर्ज किया गया। धूप की गरमाहट ने ठंड के तेवर ढीले कर दिए। शहर में चहल-पहल और पार्कों में रौनक नजर आई। हालांकि, सर्द हवा के कारण सूरज ढलने पर फिर से सर्दी बढ़ गई। सोमवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम के मिजाज में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है। सोमवार की भोर कोहरे का प्रकोप नहीं रहा। हल्की धुंध जरूर छाई पर जल्द ही वह भी छंट गई। आसमान साफ होने पर सुबह आठ बजे धूप निकल आई। अच्छी धूप निकली तो लोगों को ठंड से काफी राहत मिली। दिन चढ़ने के साथ धूप का ताप भी बढ़ता रहा। धूप की गर्माहट से दिन में मौसम सामान्य होने से शहर में चहल-पहल बनी रही। पार्कों में रौनक नजर आई। घरों की छतों व बाहर लॉन में भी लोग धूप सेंकते दिखाई दिए। इससे लोगों को गर्म कपड़ों के भारी बोझ से भी निजात मिली। हांलाकि, सर्द हवा लगातार चलती रही। दिन में धूप के ताप ने सर्द हवा का असर महसूस नहीं होने दिया पर सूरज ढलने पर सर्दी बढ़ गई। मंगलवार को मौसम में खास बदलाव के आसार नहीं हैं।