खैराबाद (सीतापुर)। क्षेत्र में बुधवार को अवैध कब्जा हटाने गई राजस्व टीम और कब्जेदारों में झड़प हो गई। नाराज कब्जेदारों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। मौके पर जब पुलिस पहुंची तो लोग शांत हुए।
नगरपालिका प्रशासन के मुताबिक नगर के रौजा दरवाजा पर मोहल्ला हटाैरा निवासी हारुन ने करीब तीन हजार वर्ग फीट की नजूल भूमि पर अतिक्रमण कर रखा है। बुधवार को राजस्व व नगरपालिका की संयुक्त टीम अवैध कब्जा हटाने गई थी। राजस्व टीम में तहसीलदार महेंद्र तिवारी, कानूनगो अवधेश कुमार पांडे, लेखपाल विवेक पांडे शामिल थे।
वहीं खैराबाद की नगरपालिका टीम में शैलेंद्र कुमार व जयप्रकाश थे। टीम हारून के साथ ही रौजा दरवाजा निवासी मेराज व अन्य लोगों का कब्जा हटाने लगी। इस पर कब्जेदारों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने स्थिति पर काबू पाया। एसओ टीपी सिंह ने बताया कि मेराज और हारून के खिलाफ अवैध कब्जा व सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने की धाराओं में मुकदमा लिखा गया है।
16 दुकानें हटाने का नोटिस जारी
रौजादरवाजा से माखूपुर जाने वाले मार्ग पर स्थित 16 दुकानदारों को हटाने का फरमान जारी कर दिया बताते है। हालांकि यह दावा सूत्रों के मुताबिक है। नाराज राजस्व के अधिकारियों ने एक दुकान पर बुल्डोजर भी लगा दिया। ऐसे में 16 दुकानदारों के परिवार के सामने रोजीरोटी का संकट आ गया है। कई दुकानदारों ने प्रशासन के भय से अपनी दुकानें खुद ही हटाना शुरू कर दिया है।
पटरी दुकानदारों को न किया जाए परेशान
एसडीएम सदर ज्ञानेंद्र द्विवेदी ने बताया कि किसी गरीब व पटरी दुकानदारों को उजाड़ा नहीं जाएगा। पहले उनको कहीं और बसाया जाएगा। फिर जरूरत पड़ने पर उनको हटाने का काम किया जाएगा।