प्रदर्शन को देख अधीक्षण अभियंता व कर्मचारी बाहरी गेट पर ताला लगाकार वहां से खिसक लिए। बाद में प्रदर्शनकारी वहां से अभियंता कार्यालय पहुंच गए और करीब दो घंटे तक हल्ला-बोल प्रदर्शन चलता रहा।
विद्युत उपभोक्ता संघ के अध्यक्ष आशीष मिश्र ने बताया कि शहर में हो रही भारी विद्युत कटौती के विरोध में विद्युत उपभोक्ता संघ ने शनिवार से हल्ला बोल आंदोलन की शुरुआत की है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के बावजूद कार्यालय बंद करके जनपदीय आला अधिकारी छुट्टी मना रहे हैं और यहां के लोग बिजली संकट से परेशान हैं।
कहा कि बिजली संकट दूर न हुआ तो महिलाएं, बच्चे व छात्र सोमवार को डीएम कार्यालय का घेराव करेंगे। व्यापारी नेता गोपाल टंडन ने कहा कि विद्युत कटौती के मुद्दे पर कई बार आंदोलन किए गए पर किसी का भी सार्थक परिणाम नहीं निकला।
भाजपा नेता संजय मिश्र ने कहा कि जनपद में सात विधायक समाजवादी पार्टी के है, फिर भी बिजली की यह दुर्दशा है। यहां से अच्छे हालात तो लखीमपुर जनपद के हैं। एसडीओ रवि कुमार ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर आज से ही विद्युत व्यवस्था में सुधार किए जाने का आश्वासन दिया।