लहरपुर (सीतापुर)। इलाके की केसरीगंज बाजार में बुधवार को चोर ने सराफा की दुकान से लाखों के जेवर पार दिए। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। मोहल्ला बेहटी निवासी मुन्ना रस्तोगी के अनुसार केसरीगंज में उनकी प्रज्ञा ज्वैलर्स के नाम से सोने-चांदी की दुकान है। बुधवार दोपहर को उनकी दुकान पर एक अज्ञात व्यक्ति आया। पहले उसने चांदी की अंगूठी खरीदी फिर सोने के टॉप्स व कान की बाली की मांग की। इसके बाद उसने उसका ध्यान भटकाकर लॉकर में रखी जेवर से भरी थैली गायब कर दी। जेवर की कीमत करीब डेढ़ लाख है। इलाके में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में काफी नाराजगी है। बीते शुक्रवार को गांव महमूदपुर निवासी राहुल वर्मा के घर को चोरों ने निशाना बनाते हुए करीब पांच लाख का माल पार कर दिया था। इंस्पेक्टर विजयेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। फुटेज के आधार पर घटना की जांच की जा रही है। (संवाद)