नैमिषारण्य। राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने बृहस्पतिवार को वृद्धाश्रम में बालिकाओं व बुजुर्गों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने उनकी परेशानियां समझने के साथ ही उनकी बेहतरी के लिए शासन स्तर से संचालित योजनाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।
राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष पंचायती धर्मशाला में संचालित वृद्धाश्रम में विश्व हिंदू परिषद की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि हिस्सेदारी कर रही थी। वृद्धाश्रम पहुंचने पर काशी विश्वनाथ मंदिर पीठाधीश पुरुषोत्तम शास्त्री ने मुख्य अतिथि को तीर्थ का प्रतीक चिन्ह भेंटकर एवं आत्मानंद गुरुकुल के प्रबंधक सर्वेश शुक्ल ने अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।
इसके बाद अपर्णा यादव ने अखंडानंद अचिंत्यानंद इंटर कॉलेज की बालिकाओं से केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं को लेकर सीधा संवाद भी किया। इस दौरान उन्होंने बालिकाओं को कन्या सुमंगला योजना और वन स्टॉप सेंटर के बारे में जागरूक किया। कहा कि वह मोबाइल में केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा बालिकाओं के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं के बारे में सर्च कर इसका फायदा उठा सकती हैं।