सीतापुर। शनिवार को जिले में पहुंची आईजी रेंज लक्ष्मी सिंह ने सिधौली और कसमंडा ब्लॉक में ब्लॉक प्रमुखी के चुनाव को लेकर हो रहे मतदान की व्यवस्थाओं, तैयारियों का जायजा लिया। दोनों ब्लॉकों में अंदर जाकर चल रही मतदान की प्रकिया देखी। इसके बाद मातहतों को आवश्यक निर्देश दिए।
चुनाव में पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के आदेश देते हुए कहा कि किसी भी तरह की गड़बड़ी नहीं होनी चाहिए। इसके बाद वह मीडिया से भी रूबरू हुईं। बातचीत में कहा कि, चुनाव पूरी तरह से शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से चल रहे हैं। कहीं कोई समस्या नहीं है। मतदाताओं को पुलिस की सुरक्षा ब्लॉक के गेट तक लाने और ले जाने की बेेहतर व्यवस्था की गई है।
मतदाता के अलावा किसी को भी अंदर जाने की इजाजत नहीं है। सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी है। बाहर भी किसी का जमावड़ा नहीं लगने दिया जाएगा। गड़बड़ी करने वालों के साथ सख्ती से निपटा जाएगा। वहीं नामांकन के दिन कसमंडा में हुए बवाल के मामले में कहा कि इंस्पेेक्टर समेत कई सस्पेंशन की कार्रवाई की जा रही है।
कमसंडा में हुई घटना के मामले की आईजी ने मजिस्ट्रीयल जांच कराने की बात कही है। एसपी आरपी सिंह, एएसपी साउथ एनपी सिंह ने कहा कि कसमंडा में हुई घटना के मामले में कार्रवाई होने पर जानकारी दी जाएगी। एसपी ने बताया कि इस मामले की जांच एएसपी साउथ को सौंपी गई है। वह पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।