सीतापुर। सर्दी बढ़ने, कोहरे व धुंध के कारण पिछले कई दिनों से हवा में प्रदूषण घुला हुआ है। वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) शनिवार को भी 271 रहा। हवा में घुला प्रदूषण अब लोगों की सांसों पर भारी पड़ने लगा है। जिला अस्पताल में हर रोज 100 से 150 मरीज सांस की तकलीफ की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं।
शून्य से 50 तक एक्यूआई अच्छा और 51 से 100 तक एक्यूआई संतोषजनक माना जाता है। इसके ऊपर एक्यूआई जाने पर स्थिति चिंताजनक हो जाती है। जिले में पिछले कई दिनाें से एक्यूआई 250 के ऊपर बना हुआ है। गत बृहस्पतिवार को एक्यूआई 294, शुक्रवार को 292 जबकि शनिवार को 271 पर रहा। ऐसी स्थिति में हवा की गुणवत्ता खराब मानी जाती है।
हवा में प्रदूषण का असर अब लोगों की सेहत पर दिखने लगा है। सांस लेने में तकलीफ, सीने में जकड़न, गले में खरास और खांसी की शिकायतें लोगों में बढ़ रही हैं। जिला अस्पताल के चिकित्साधीक्षक डॉ. निशांत गुप्ता ने बताया कि ओपीडी में पिछले तीन-चार दिनों से सांस में तकलीफ की शिकायत लेकर 100 से 150 मरीज रोजाना पहुंच रहे हैं। शनिवार को सांस से संबंधित 130 मरीज पहुंचे। चिकित्सक इन मरीजों को दवा के साथ घर से बाहर निकलने पर मास्क पहनने समेत अन्य सावधानियां बरतने की सलाह भी दे रहे हैं।
धूप के बीच भी परेशान करती रही तेज सर्द हवा
सर्दी के तेवर लगातार तल्ख होते जा रहे हैं। शनिवार की सुबह कोहरे में लिपटी रही। बाहर निकलने पर गर्म कपड़े पहने होने पर भी लोग ठिठुरते नजर आए। दिन चढ़ने पर हवा की गति बढ़ने से कोहरा छंट गया पर सर्दी का असर बना रहा। पांच किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलने वाली सर्द हवा धूप के बीच भी परेशान करती रही। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार शनिवार को अधिकतम 26 व न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान गिरने से आने वाले दिनों में सर्दी बढ़ने के आसार हैं।