हमारे देश का संविधान लिंग, धर्म, जाति, शिक्षा, आर्थिक सामाजिक स्थित के भेदभाव के बिना प्रत्येक नागरिक को वोट देने का अधिकार देता है। यह बात डीएम डॉ. इन्द्रवीर सिंह यादव ने राजा कॉलेज मैदान में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में कही।
डीएम ने नागरिकों से कहा कि वह सब निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय रूप से हिस्सा लें और मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र की सहभागिता में भागीदारी करें। समारोह में नए मतदाताओं को जहां पहचान पत्र व जानकारी पुस्तिका दी गई, वहीं तहसील सदर क्षेत्र के उत्कृष्ठ कार्य करने वाले पांच बीएलओ को पुरस्कृत भी किया गया।
इससे पूर्व डीएम ने सभी को शपथ दिलाई। राजा रघुबर दयाल कॉलेज मैदान से डीएम ने जागरूकता रैली को रवाना किया। यह रैली शहर के विभिन्न मार्गों से निकली और लोगाें को निर्वाचन प्रक्रिया में भागीदार बनने की अपील की। जिले की सभी तहसीलों में भी मतदाता जागरूकता व शपथ ग्रहण के कार्यक्रम हुए।
आरएमपी डिग्री व इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के कार्यक्रम हुए। समारोह में प्राचार्य डॉ. एसपी शाक्य, प्रधानाचार्य केबी श्रीवास्तव व उप प्रधानाचार्य गोविंद भारती के निर्देशन में भाषण, गीत, लेखन व स्लोगन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
सिधौली में एसडीएम डॉ. सृष्टि धवन ने सोमवार को मतदाता जागरूकता दिवस पर प्रभात फेरी को झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रभातफेरी नगर के स्कूली बच्चों ने निकाली। लहरपुर में राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर उप जिलाधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। तहसील सभागार में उप जिलाधिकारी हरीश चन्द्र यादव ने जन समूह को शपथ दिलाई।
ये बीएलओ हुए पुरस्कृत
जितेन्द्र मौर्य, सरोज कुमारी, फैजुल हसन, मनोज कुमार, सुशीला मिश्रा।