महमूदाबाद। शारदा नहर पटरी के पास सोमवार को गौने के लिए जा रहे परिजनों को कुछ सामान देने के लिए पहुंचे दूल्हे को वापसी के दौरान बदमाशों ने तमंचा दिखा लूट लिया। बदमाशों ने दूल्हे द्वारा पहनी सोने की चेन व अगूंठी के साथ नकदी लूट ली। बदमाश बाइक की चाभी छीनने के बाद दूल्हे का मोबाइल फोन फेंक कर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर बदमाशों की तलाश में जुटी है।
महमूदाबाद के गांव मुबारकपुरकलां निवासी नीरजकांत की दस मई को शादी हुई थी। सोमवार को उनका गौना होना था। इसके लिए नीरज कांत के पिता रमेश वर्मा, चाचा कमलेश वर्मा, मुकेश वर्मा, बहनोई कुलदीप वर्मा, भाई धीरज कांत, भांजा धुव्र सिंह कार से गौना कराने के लिए बाराबंकी के गुडौली गांव के लिए निकले थे। तभी रमेश वर्मा को याद आया की गौने का कुछ सामान घर पर छूट गया है। उन्होंने फोन पर अपने बेटे को घर से सामान लाकर रहिलामऊ पुल पर आने को कहा।
नीरजकांत बाइक लेकर अपने पिता को पुल पर सामान देने के लिए पहुंचे। आरोप है कि वापस लौटते समय गांव गेंदपुरवा व बाकरपुर के बीच शारदा नहर पटरी के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने नीरजकांत को रोक लिया। बदमाशों ने मारपीट करते हुए तमंचा दिखाकर नीरज कांत से उनकी दो सोने की अंगूठी व मोबाइल के साथ बाइक की चाभी भी छीन ली और भाग गए। घटना के बाद नीरजकांत ने घर पहुंचकर घटना की जानकारी परिजनों के साथ पुलिस को दी।
परिजनों को घटनास्थल से करीब सौ मीटर दूर फोन और बाइक की चाभी पड़ी मिली। दिन दहाड़े हुई इस घटना के बाद से क्षेत्र में भय व्याप्त है। सीओ वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि मौके पर जाकर जांच की गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं, तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।