सिधौली (सीतापुर)। मुकीमपुर चौराहे के पास बदमाशों ने सोमवार को बाइक सवार दंपती से लूटपाट। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। मछरेहटा के मिश्रापुर निवासी बलराम के अनुसार वह अपनी पत्नी के साथ बाइक से लखनऊ से जा रहे थे।
मुकीमपुर चौराहे पर दो बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने दो हजार रुपये, सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए। पीड़ित ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। इसके साथ ही बदमाशों के बारे में जानकारी देते हुए बाइक का नंबर भी साझा किया। इंस्पेक्टर विजयेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में कमलापुर के सीतारसोई निवासी संजीव मिश्र और सिधौली के गांधीनगर निवासी मोनू को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से लूटा गया सामान बरामद हुआ है। दोनों को जेल भेज दिया गया है।