महमूदाबाद (सीतापुर)। कोतवाली इलाके में शनिवार की देर रात शराब ठेके की दुकान को बंद कर घर जा रहे सेल्समैन को बाइक सवार बदमाशों ने रोक लिया। ईंटों से हमला कर घायल करने के बाद रुपये से भरा बैग लूट लिया। बैग में 36 हजार रुपये और दस्तावेज थे। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। सेल्समैन को गंभीर हालत में लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है। सूचना पाकर सीओ और कोतवाल ने मौके पर पहुंचकर जांच की है। लूट की वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।
महमूदाबाद इलाके के इमलिया गांव निवासी जय सिंह (22) महमूदाबाद इलाके की पैंतेपुर कस्बे की अंग्रेजी शराब की दुकान पर बतौर सेल्समैन काम करता है। शनिवार को वह शराब की दुकान बंद कर बाइक से घर जा रहा था, इस बीच उसका आरोप है कि मानपुर गांव से पहले भट्ठे के पास पीछे से आ रहे रहे एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने रोक लिया। सेल्समैन का कहना है कि बाइक के रुकते ही बदमाशों ने उसके सिर पर ईंट से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। एक बदमाश ने उसका गला पकड़ लिया।
इसके बाद बदमाश सेल्समैन के पास से बैग लूटकर मौके से फरार हो गए। सेल्समैन के मुताबिक, बैग में 36 हजार रुपये और दस्तावेज थे। बदमाशों की पिटाई से घायल सेल्समैन ने परिवार को सूचना दी। सूचना पाकर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में उसे सीएचसी महमूदाबाद में भर्ती कराया गया, जहां पर प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत को नाजुक देखते हुए लखनऊ ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर कर दिया है। घटना को लेकर जयसिंह ने बताया कि बाइक सवार उसके पीछे काफी देर से चल रहे थे पर उसे ऐसी घटना की आशंका नही थी।
पहले लूट बताई, फिर तहरीर से हटाई वारदात
महमूदाबाद इलाके में लूट की हुई वारदात में खेल हो गया है। पहले हमलाकर लूट की वारदात बताने वाले सेल्समैन ने हमलाकर करने की तहरीर देकर इस बात पर बल दिया है। पुलिस ने भी तहरीर का हवाला देते हुए घटना को लूट न मानते हुए अज्ञात लोगों पर 308 का केस दर्ज कर लिया है। लूट का मामला घटना से पूरी तरह से हटा दिया गया है, इससे कई तरह के सवाल भी खड़े हो रहे हैं। घटना अगर मारपीट की थी तो फिर सेल्समैन ने पहले लूट क्यों बताई।
मामला लूट का नहीं है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात में 308 का केस दर्ज कर लिया गया है। वादी ने तहरीर में लूट की बात नहीं कही है। मामले में जांचकर कार्रवाई की जा रही है।
अनिल पांडेय, कोतवाल महमूदाबाद