महोली(सीतापुर)। कोतवाली इलाके में शुक्रवार की दोपहर गांव के बाहर खेत की रखवाली करने जा रहे युवा किसान की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद करने का दावा किया है।
महोली इलाके के बनगढ़ निवासी मोहन (28) शुक्रवार की दोपहर अपने खेत में बाजरे की रखवाली के लिए जा रहा था। गांव के बाहर पहुंचते ही नशे में मिले गांव के कामता ने उसे जान से मारने की धमकी दी। इस धमकी से न डरने पर कामता ने अपने पास मौजूद असलहे से उस पर गोली चला दी। जिससे मोहन की मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया था। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने कामता उसके भाई लाखन और पिता रामभजन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया था। सीओ सिटी पीयूष कुमार सिंह ने बताया कि युवक की हत्या के मामले में नामजद आरोपी कामता को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त तमंचा बरामद कर लिया गया है।