अटरिया (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में 13 दिन पूर्व हत्या के प्रयास के मामले में नामजद आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम पर हमला करने के बाद फरार हुआ घटना का मुख्य आरोपी रविवार को गिरफ्तार हो गया है। आरोपी के कब्जे से असलहा-कारतूस बरामद हुआ है। मामले में आठ आरोपी पहले ही जेल जा चुके हैं। पकड़े गए मुख्य आरोपी के पिता समेत नामजद दो आरोपी अभी फरार है। पुलिस दोनों की तलाश में जुटी है।
अटरिया इलाके के बौनाभारी निवासी अंजनी मिश्रा करीब 15 दिन पहले कहीं जा रहे थे। इस बीच उन पर हुए हमले में इलाके के शंकरपुर कलवारी गांव के निवासी निर्मल मिश्रा और उसके पिता विपिन मिश्रा, बौनाभारी गांव के देवा मिश्रा के खिलाफ हत्या के प्रयास आदि की धाराओं में केस दर्ज कराया गया था। 17 मई की देर रात अटरिया पुलिस नामजद आरोपी पिता-पुत्र विपिन और निर्मल को पकड़ने के लिए शंकरपुर कलवारी गांव गई थी। जहां पर पुलिस टीम ने विपिन मिश्रा को घर से पकड़ लिया।
पुलिस के विपिन के पकड़ने पर आरोपियों ने आरोपी विपिन को छुड़ाने के बाद पुलिस टीम पर हमला कर दिया था। घटना में अटरिया थाने के एसएसआई दीपक पांडेय, एसआई जितेंद्र बहादुर सिंह, सिपाही राजकुमार यादव, विश्वजीत, महिला आरक्षी चेतना रानी, किरन यादव घायल हो गईं थीं। पुलिस का सरकारी वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया था।
इस मामले में 12 लोग नामजद हुए थे। एसओ अटरिया अवधेश यादव ने बताया कि घटना में नामजद 8 आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो गए थे। मुख्य आरोपी विपिन मिश्रा को पुलिस ने शनिवार को गोधना रेलवे क्रासिंग के पास से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से असलहा-कारतूस बरामद कर लिया है। मामले में नामजद आरोपी निर्मल मिश्रा और देवा अभी फरार है। दोनों की तलाश में पुलिस जुटी है।