फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sitapur News: नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व शुरू, बना लौकी-भात का प्रसाद

Sat, 14 Nov 2026 12:42 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सीतापुर
विज्ञापन
विज्ञापन
सीतापुर। लोक आस्था और सूर्योपासना के चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा की शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ पारंपरिक शुरुआत हो गई। जिले में छठ पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह नजर आया। व्रती महिलाओं और पुरुषों ने सुबह स्नान कर नए वस्त्र धारण किए और विधि-विधान से भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना कर व्रत का संकल्प लिया। घरों में साफ-सफाई और शुद्धता का विशेष ध्यान रखते हुए लौकी-भात तथा कद्दू-भात का प्रसाद तैयार किया गया।
विज्ञापन

शहर में विभिन्न पीएसी वाहिनियों के साथ ही बिसवां, जवाहरपुर, रामगढ़, हरगांव चीनी मिलों में भी बड़ी संख्या में महिलाओं ने नहाय-खाय के साथ पूजन किया। छठ पर्व के पहले दिन परंपरा के तहत व्रती महिलाओं ने सात्विक भोजन ग्रहण किया। इसके साथ ही चार दिनों तक चलने वाले कठिन अनुष्ठान की शुरुआत की है। शनिवार को खरना के साथ व्रती पूरे दिन उपवास रखकर शाम को पूजा-अर्चना के बाद प्रसाद ग्रहण करेंगे। इसके बाद 36 घंटे के निर्जला व्रत का संकल्प लेकर रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा।
अब सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ महापर्व का समापन होगा। जहांगीराबाद स्थित बिसवां शुगर फैक्टरी के समीप रहने वाली बिंदा देवी मिश्रा पिछले 42 वर्षों से लगातार छठ महापर्व पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर रही हैं। उन्होंने बताया कि सूर्योपासना के इस महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय से होती है। इस दिन व्रती स्नान कर बाहरी और आंतरिक शुद्धता का ध्यान रखते हुए नये वस्त्र धारण करते हैं और व्रत का संकल्प लेते हैं। पुष्पा त्रिवेदी ने बताया कि छठ महापर्व को कठिन तपस्या और साधना का पर्व माना जाता है। इसमें व्रती भगवान भास्कर और छठी मइया की आराधना कर परिवार में सुख-समृद्धि, संतान की खुशहाली और सुख-शांति का आशीष मांगते हैं।
विज्ञापन

बनने लगीं वेदियां, तालाबों की सफाई पूरी

छठ महापर्व को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। गोल्फ ग्राउंड स्थित तालाब की सफाई का काम पूरा कर लिया गया है। इसके बाद तालाब किनारे व्रतियों की पूजा-अर्चना के लिए वेदियां बनाने का काम शुरू हो गया है। वहीं, चीनी मिलों में भी छठ पूजा के लिए तालाबों को तैयार किया जा रहा है। घाटों की सफाई और वेदियों के निर्माण से श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान सुविधा मिलेगी।
बाजार खरीदारों से गुलजार
शुक्रवार को बाजारों में सुबह से ही रौनक दिखाई देने लगी। फल, सब्जी और पूजन सामग्री की दुकानों पर खरीदारों की आवाजाही बढ़ गई है। व्रती परिवार पर्व की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। दुकानों पर सूप, दउरा, बांस की टोकरी, नारियल, गन्ना, केला, सेब, संतरा और अन्य पूजन सामग्री की खरीदारी हो रही है। महिलाएं पूजन सामग्री और फल खरीदने के साथ सूप-दउरा की खरीदारी कर रही हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें