सीतापुर। छात्राएं किस तरह अपने आप की खुद ही सुरक्षा कर सकती है। इसके लिए उन्हें ट्रेंड किया जाएगा। साथ ही उनको हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी जाएगी। यह प्रशिक्षण पुलिस के माध्यम से स्कूल/गांवों में दिया जाएगा। इस प्रशिक्षण में स्कूल जाने वाली/स्कूल न जाने वाली दोनों तरह की बालिकाओं को शामिल किया जाएगा जिससे वह अपने आप को सुरक्षित कर सकें। नोडल अधिकारी के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी ने कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए हैं।
नोडल अधिकारी मिनिस्ती एस ने जिले के भ्रमण के दौरान अफसरों के साथ बैठक की थी। इस बैठक में उन्होंने विभिन्न बिदुंओं पर समीक्षा की थी। इस बैठक में उन्होंने अफसरों को कार्ययोजना बनाकर निर्देश जारी किए है। इसके तहत कहा है महिला-चाइल्ड हेल्पलाइन टोल फ्री नंबर 1090, 1098 व 112 को ग्राम पंचायत में सार्वजनिक स्थानों पर प्रदर्शित किया जाए।
जिले के समस्त विभागों में यौन उत्पीड़न प्रतिरोध के संबंध में विशाखा गाइड लाइन के अनुसार कार्रवाई की जाए। होटल, पेट्रोल पंप, सरकारी कार्यालयों व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर महिला अपराधों को रोके जाने के स्लोगन प्रदर्शित किए जाए। ग्रामीण एवं नगरों में स्कूलों में अध्ययनरत/स्कूल न जाने वाली बालिकाओं को गुड टच/बैड टच, बच्चियों को अपनी सुरक्षा की जानकारी मास्टर ट्रेनर के माध्यम से दी जाए।