सीतापुर। जिले की प्रथम नागरिक सोमवार को कुर्सी संभालेंगी। सुबह 11 बजे नव निर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष श्रद्धा सागर को डीएम विशाल भारद्वाज पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। अध्यक्ष के द्वारा सभी जिला पंचायत सदस्यों को शपथ दिलाई जाएगी। इसके बाद जिला पंचायत बोर्ड की पहली बैठक होगी। इसी के साथ नया कार्यकाल प्रारंभ हो जाएगा। जिला पंचायत अध्यक्ष के कार्यकाल में सोमवार को ऐसा चौथी बार होगा, जब जिले के सर्वोच्च सदन की कमान चौथी बार नारी शक्ति के हाथ में होगी।
जिला पंचायत अध्यक्ष के पद पर भाजपा की श्रद्धा सागर ने जीती हैं। वह सोमवार को जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी संभालेंगी। इसी के साथ जिले के गंवई क्षेत्रों का विकास कार्यों का रास्ता साफ हो जाएगा। अभी तक इस पद का प्रभार डीएम के अधीन था। सुबह 11 बजे डीएम विशाल भारद्वाज जिला पंचायत के नेहरू हाल में जिला पंचायत अध्यक्ष को शपथ दिलाएंगे।
जिला पंचायत अध्यक्ष 79 जिला पंचायत सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगी। इसके बाद शासन के निर्देशानुसार पहली बैठक होगी। इसी के साथ जिला पंचायत का कार्यकाल 12 जुलाई से शुरू हो जाएगा। शपथ ग्रहण समारोह को भव्य बनाने के लिए रविवार को पूरे दिन तैयारियां होती रहीं। डीएम विशाल भारद्वाज, एसपी आरपी सिंह ने जिला पंचायत पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया।