फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sitapur News: आसमान से बरसे अंगारों ने तपाया, पारा 43 डिग्री

Sat, 01 Jun 2024 09:12 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सीतापुर
विज्ञापन
विज्ञापन
सीतापुर। जिले में प्रचंड गर्मी का प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा है। सूरज की तल्खी से शनिवार को भी जिला तपता रहा। बदन झुलसाती तेज धूप और लू के गर्म थपेड़ों से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया।
विज्ञापन

दिन में 43 डिग्री तापमान से सहमे लोग बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा सके। जिसके चलते दोपहर को शहर की सड़कें व बाजार वीरान नजर आए। सांझ ढलने के बाद भी गर्म हवा लोगों को परेशान करती रही। उमस भरी गर्मी ने रात को भी सुकून नहीं लेने दिया। बेदम कर देने वाली गर्मी फिलहाल राहत देने के मूड में नहीं है।
शनिवार सुबह सूरज निकलते ही लोगों का पसीना बहाने लगा। 23 किमी. प्रति घंटे की गति से चलने वाली गर्म हवा ने मुसीबत और बढ़ा दी। दोपहर तक गर्मी असहनीय हो गई। आलम यह रहा कि पंखे व कूलर भी गर्म हवा फेंकते रहे। शुक्रवार की तुलना में शनिवार को अधिकतम पारा एक डिग्री कम जरूर हुआ, पर गर्मी के तेवरों में तनिक भी कमी नहीं आई।
विज्ञापन

दोपहर में बदन झुलसा देने वाली चिलचिलाती धूप और लू के गर्म थपेड़ों से बाइक सवारों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। भीषण गर्मी से बेचैन आम जनमानस ने गर्मी के तीखे तेवरों से घबराकर दोपहर के समय बाहर न निकलने में ही भलाई समझी।
इस वजह से शहर की सड़कों व बाजारों में सांझ ढलने तक सन्नाटा पसरा रहा। शाम को भी उमस बरकरार रहने से लोगों को चैन नहीं मिला। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया। अभी गर्मी से राहत के आसार नहीं हैं।


राहगीरों को पिलाया शरबत व पानी
लहरपुर (सीतापुर)। भीषण गर्मी में राहगीरों को राहत पहुंचाने के लिए नगर पालिका अध्यक्ष हाजी जावेद अहमद रोजाना अलग-अलग चौराहे पर शरबत वितरण करा रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को बिसवां तिराहा गेट पर स्टॉल लगाकर राहगीरों को शरबत पिलाया गया। चेयरमैन हाजी जावेद अहमद ने कहा कि गर्मी में राहगीरों को शरबत व पानी पिलाना पुण्य का काम है।

चार घंटे की कटौती, पांच घंटे में 20 बार हुई ट्रिपिंग

सीतापुर। इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है। पंखे, कूलर व एसी के भरपूर उपयोग के चलते बिजली की डिमांड बढ़ गई है। शनिवार को शहर में करीब चार घंटे की कटौती हुई। इसके बाद बिजली आपूर्ति बहाल हुई तो लो-वोल्टेज मुसीबत बन गया। पंखे व कूलर भी चलाना मुश्किल हो रहा था। दिनभर लोग गर्मी से जूझते रहे।
जिले में रोजाना बिजली की खपत बढ़ती जा रही है। शनिवार को जिले में 715 मेगावाट की खपत बनी रही। डिमांड अधिक होने के चलते तेज धूप में तार अधिक लोड सहन नहीं कर पा रहे हैं। इससे वह बार-बार टूट रहे हैं। शनिवार को भवानीपुर उपकेंद्र से जुड़े नवीन चौक इलाके में सुबह आठ बजे बिजली गुल हो गई। सुबह के समय उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल रहे।
करीब दो घंटे बाद बिजली आई। इसके बाद दोपहर में भी दो घंटे की लंबी कटौती हुई। इस समय तेज धूप के चलते घर से बाहर निकलना बहुत ही मुश्किल हो रहा था। बिजली न होने से लोग पसीने से तरबतर रहे। इसी तरह पुराना सीतापुर, नई बस्ती, लोहारबाग मोहल्ले में जमकर कटौती हुई। भवानीपुर इलाके में करीब पांच घंटे की बिजली सप्लाई में 20 से अधिक बार ट्रिपिंग हुई।
हर बार करीब 10 मिनट तो कभी पांच मिनट में बिजली आती-जाती रही। इससे लोग उपकरण फुंकने के डर से परेशान दिखे। इस दौरान लो-वोल्टेज भी मुसीबत बना रहा। 100 से 120 के बीच वोल्टेज आता रहा। इतने कम वोल्टेज में मोटर पंप पानी तक नहीं उठा पा रहे थे। वहीं पंखे व कूलर भी सही से नहीं चल पा रहे थे। उपभोक्ताओं ने शिकायत की तो भी उन्हें कोई राहत नहीं मिल सकी। इससे शहरवासियों को गर्मी में काफी परेशानी उठानी पड़ी।



गांव भी जूझ रहे कटौती से

शहर में जहां अघोषित कटौती चल रही है। वहीं गांवों के हालात भी आपूर्ति में काफी खराब हो गए हैं। इस समय गर्मी अधिक होने के चलते फसलों को पानी की जरूरत पड़ रही है तो उन्हें मिलना मुश्किल हो रहा है। बिजली के अभाव में ट्यूबवेल चल नहीं पा रहे हैं। गांवों में केवल सात से आठ घंटे ही बिजली आ रही है। किसान कृष्णपाल सिंह ने बताया चार बीघा गन्ने को पानी की जरूरत है। सात घंटे में जितना खेत सींच पाते हैं। अगले दिन फिर से उसी खेत में पानी की जरूरत होने लगती है। चार बीघा खेत सींचने में तीन दिन लग रहे हैं। वहीं पर्याप्त बिजली न मिलने के कारण रात को नींद भी खराब हो रही है।


10 दिन बाद फुंका ट्रांसफॉर्मर, परेशान रहे लोग
सिधौली में शनिवार दोपहर 12 बजे प्रेमनगर दक्षिणी मोहल्ले का ट्रांसफॉर्मर फुंक गया। इसे महज दस दिन पूर्व ही लगवाया गया था। इस मोहल्ले में देर रात तक बिजली नदारद रही। वहीं, प्रेम नगर उत्तरी, संत नगर, विवेक नगर व अन्य मोहल्लों में बिजली की आवाजाही से लोग परेशान रहे।
विज्ञापन





ओवरलोड के चलते आ रही समस्या

इस समय ओवरलोड के चलते ट्रिपिंग की समस्या आ रही है। डिमांड के मुताबिक जिले को 715 मेगावाट तक बिजली मिल रही है। भरपूर बिजली देने का प्रयास चल रहा है।
नंदलाल, अधीक्षण अभियंता
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें