तंबौर (सीतापुर)। थाने में तैनात चार दारोगा की गुरुवार को अचानक हालत बिगड़ गई। जिसके बाद उन्हें अस्पताल भेजा गया। एकसाथ चार दारोगा की हालत बिगडने से थाने में हड़कंप मच गया। चारों लोगों ने एकसाथ खाना खाया था। दो उपनिरीक्षकों को सीएचसी तंबौर व दो को जिला अस्पताल भेजा गया। चारों की हालत अब सामान्य बताई जा रही है।
तंबौर थाने में तैनात उपनिरीक्षक राजकुमार शर्मा, दीपक कुमार पांडेय, सुरेश चंद्र मिश्र व राजेंद्र प्रसाद रावत उपनिरीक्षक आवास में बने तीन कमरों में रहते है। ये लोग अपनी सुविधानुसार प्राइवेट रसोइया से खाना बनवाकर खाते हैं। बुधवार रात को चारों ने एकसाथ खाना खाया था। गुरुवार सुबह होने पर 10 बजे तक तो इन लोगों की तबीयत ठीक थी। पर बाद में अचानक उपनिरीक्षक राजेंद्र प्रसाद रावत को उलझन महसूस होने लगी तो उन्हें सीएचसी तंबौर में भर्ती कराया गया।
वहां उन्हें देखने के लिए जब दूसरे दारोगा दीपक कुमार पांडेय पहुंचे तो उन्हें भी वैसी ही शिकायत महसूस हुई। इस पर दोनों दारोगा जिला अस्पताल चले गए। इसके बाद साथ में रहने वाले उपनिरीक्षक राजकुमार शर्मा व सुरेश चंद्र मिश्र को भी ऐसे ही उलझन महसूस हुई। जिन्हें इलाज के सीएचसी भेजा गया। इन दोनों उपनिरीक्षकों का तंबौर सीएचसी में इलाज चल रहा है।
सीएचसी तंबौर के अधीक्षक डॉ. संजय कुमार ने बताया कि फिलहाल कोई गंभीर बात नहीं है। चारों उपनिरीक्षकों का ब्लड प्रेशर हाई हुआ था। सीएचसी में दो सब इंस्पेक्टरों का इलाज किया जा रहा है। जबकि दो लोग अपनी मर्जी से इलाज के लिए सीतापुर चले गए हैं। सीओ बिसवां समर बहादुर सिंह ने बताया कि चारों उपनिरीक्षक ने एकसाथ खाना खाया था। खाने में करेले की सब्जी खाई थी। आजकल सब्जियों में काफी मात्रा में कीटनाशक का इस्तेमाल होता है। ऐसे में हो सकता है कि सब्जी से दिक्कत हुई हो।