पुनरीक्षित वेतनमान समेत अन्य समस्याओं को लेकर नगरपालिका सीतापुर के सफाई कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। सोमवार को उत्तर प्रदेशीय सफाई मजदूर संघ के बैनर तले शहर के विभिन्न मार्गों पर जुलूस निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। सफाई कर्मचारियों का कहना है कि स्थायी व अस्थायी तौर पर हम लोग काम कर रहे हैं।
शहर की साफ सफाई में विशेष भूमिका निभाते हैं, लेकिन समस्याओं का निस्तारण नगरपालिका प्रशासन द्वारा नहीं किया जा रहा है। जबकि इससे पूर्व सफाई कर्मचारियों व नगरपालिका के बीच समझौता हुआ था। उस समझौता पर आज तक अमल नहीं हो सका। इसको लेकर सफाई कर्मी आंदोलित हैं। मांग की संविदा कर्मचारियों को तत्काल वेतन पुनरीक्षित किया जाए। स्थायी कर्मचारियों का एसीपी व डीए एरिअर का भुगतान कराया जाए।
मृतक आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति दी जाए। स्थायी कर्मचारियों को जरूरत के हिसाब से पीएफ का अस्सी प्रतिशत भुगतान समझौते के अनुसार किया जाए। बकाया बोनस का भुगतान किया जाए। चेतावनी दी जब तक इन मांगों पर कार्रवाई नहीं होती हड़ताल जारी रहेगी। इस मौके पर अध्यक्ष प्यारेलाल, महामंत्री संतोष वाल्मीकि सहित तमाम लोग मौजूद रहे।