खैराबाद (सीतापुर)। कमलापुर इलाके में युवती को गोली मारने के आरोपी युवक का शव बुधवार देर शाम खैराबाद क्षेत्र के नरायनपुर गांव स्थित गन्ने के खेत में मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी मौत का कारण शॉक बताया गया है।
जानकारी के अनुसार 24 मई की रात कमलापुर के दरियापुर गांव के बाहर अपनी बुआ के यहां आई युवती को एक युवक ने गोली मार दी थी। घटना में उसके साथ मौजूद एक अन्य युवक को भी गोली लगी थी। इस मामले में मानपुर थाना क्षेत्र के अख्तरपुर कटिया गांव निवासी अंबुज कुमार भार्गव पर आरोप लगा था। घटना के बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
बुधवार देर शाम ग्रामीणों ने नरायनपुर गांव के पास गन्ने के खेत में एक शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान अंबुज कुमार भार्गव के रूप में की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि चिकित्सकों की निगरानी में हुए पोस्टमार्टम में मौत का कारण आघात सामने आया है। आशंका है कि पुलिस से बचने के लिए आरोपी कई दिनों से गन्ने के खेतों में छिपा हुआ था। भीषण गर्मी और लगातार खेतों में रहने के कारण उसे हीट शॉक हुआ, जिससे उसकी मौत हो गई।
कमलापुर थानाध्यक्ष इतुल चौधरी ने बताया कि गोली लगने से घायल युवती की हालत अब सामान्य है। घटना में आरोपी के साथ गए किशोर को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जा चुका है।