कुंवरगड्डी। अटरिया के चंदेसुवा गांव में शुक्रवार देर रात बिजली कर्मी राममिलन मौर्य (35) का शव संदिग्ध हालात में खंभे के पास पड़ा मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस जांच कर रही है।
चंदेसुआ निवासी राममिलन मौर्य शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे अज्ञात व्यक्ति के बुलावे पर बिजली का फाल्ट सही करने गए थे। काफी देर बाद भी वह नहीं लौटे तो परिजनों ने शनिवार सुबह खोजबीन शुरू की। उनका शव गांव के ही हीरालाल के खेत में बिजली के खंभे के पास पड़ा मिला। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी रोहित दुबे ने बताया कि जांच की जा रही है। फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
परिजनों ने क्षेत्र के पास के ही एक गांव निवासी युवक पर राममिलन की हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि कोई लिखित तहरीर नहीं दी है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।