खैराबाद/सीतापुर। नगर पालिका खैराबाद में अध्यक्ष के पद पर भाजपा की बेबी गुप्ता की जीत कई मायनों में खास है। बेबी ने रोमांचक मुकाबले में फतह हासिल कर कई रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कराए हैं।
भाजपा की बेबी गुप्ता ने निर्दलीय प्रत्याशी राजिया बेगम को 528 मतों से शिकस्त दी है। खैराबाद में पहली बार कमल खिलाने वाली बेबी गुप्ता यहां की दूसरी महिला अध्यक्ष बनीं हैं। नगर पालिका के 113 साल के इतिहास में बेबी गुप्ता के नाम चौथी हिंदू अध्यक्ष बनने का रिकाॅर्ड भी जुड़ गया है।
खैराबाद नगर पालिका में पहला चुनाव वर्ष 1910 में हुआ था। पहले अध्यक्ष रासबहादुर सहाय बने थे। दूसरी बार 1913 में चौधरी विशुन दयाल अध्यक्ष बने। फिर 1951 में राधा शरण श्रीवास्तव को अध्यक्ष चुना गया।
इसके बाद से यहां कोई हिंदू अध्यक्ष नहीं बना। दरअसल, खैराबाद नगर पालिका मुस्लिम बाहुल्य है। लिहाजा अधिकतर यहां मुस्लिम अध्यक्ष ही बनते रहे हैं। हालांकि 2012 में भाजपा ने रामपाल पर दांव लगाया था। लेकिन रामपाल ने पांच सौ से कम मत पाकर जमानत तक गंवा दी थी। 2017 में भाजपा ने जुबेर अंसारी पर भरोसा जताया, पर 1701 मतों पर सिमटकर वह भी चुनाव हार गए।
इस बार भाजपा से बेबी गुप्ता चुनाव मैदान में थीं। नया चेहरा होने के बाद भी बेबी गुप्ता ने मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र में पूर्व अध्यक्ष हनीफ अंसारी की पत्नी राजिया बेगम को 528 मतों से हरा दिया। भाजपा की बेबी गुप्ता को 9162 मत जबकि निर्दलीय प्रत्याशी राजिया बेगम को 8,634 मत प्राप्त हुए।
बेबी गुप्ता ने खैराबाद नगर पालिका की सत्ता हथियाकर 72 साल बाद चौथी बार हिंदू अध्यक्ष जबकि 28 साल बाद दूसरी महिला अध्यक्ष बनने का गौरव भी हासिल किया है। इससे पहले 1995 में शाहिदा इशरत यहां की पहली महिला अध्यक्ष बनी थीं। खैराबाद की 18वीं अध्यक्ष बनीं बेबी गुप्ता ने यहां पहली बार भगवा लहराया है।
किसे मिले कितने मत
बेबी गुप्ता (भाजपा) - 9162
राजिया बेगम (निर्दलीय) - 8634
गुलशन जहां (निर्दलीय) - 5072
इरम अंसारी (सपा) - 3471
वरीशा (आईएमआईएमआई) - 336