15 अक्तूबर को जिले में शिक्षक पात्रता परीक्षा होगी। यह परीक्षा जिले के 14 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। जिसमें तकरीबन दस हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। गुरुवार को अपर जिलाधिकारी राकेश चंद्र शर्मा ने बैठक में परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की। बाद में उन्होंने अफसरों को सारी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।
एडीएम शर्मा ने बताया कि 15 अक्तूबर को सीतापुर जनपद के 14 केंद्रों पर टीईटी होगी। दो पालियों में आयोजित इस परीक्षा में दस हजार परीक्षार्थी बैठेंगे। उन्होंने अफसरों को निर्देश दिए कि वे चयनित केंद्रों का निरीक्षण कर लें।
मूलभूत सुविधाएं बिजली, पानी, फर्नीचर आदि का अवलोकन कर लें अगर कहीं भी इसमें कमी है, तो उसे जल्द दूर कर लिया जाए। कार्य में शिथिलता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर डायट प्राचार्य अशोक कुमार, बीएसएअजय कुमार, डीआईओएस देवकी सिंह, सीओ सिटी योगेंद्र सिंह मौजूद रहे।