तेज धूप में रुपट्टा ढककर जाती युवतियां।
सीतापुर। ज्येष्ठ माह की प्रचंड गर्मी से राहत मिलने के कोई आसार नहीं लग रहे हैं। आम जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हो गया है। मंगलवार को सुबह से निकली तीखी धूप ने लोगों को उमसभरी गर्मी से सराबोर कर दिया। चिलचिलाती धूप में लोग घर से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा सके। काम पर जाने वाले लोगों के अलावा बाजार में व सड़क पर कम ही लोग घर से निकले। ऐसे में प्रमुख चौराहे व बाजार दूर-दूर तक सूने नजर आए। देर शाम जब धूप कम हुई तब लोग घर से बाहर निकले। मंगलवार को जिले में अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री दर्ज किया गया। सोमवार के मुकाबले अधिकतम तापमान में 0.5 डिग्री और न्यूनतम में एक डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। जबकि रविवार के मुकाबले अधिकतम में डेढ़ डिग्री और न्यूनतम में तीन डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
ज्येष्ठ माह में गर्मी के तेवर दिन-ब-दिन तीखे होते जा रहे हैं। रोजाना तापमान बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को दिन की शुरुआत तेज धूप से हुई। करीब नौ बजे के बाद सूरज की तपिश इतनी तेज थी कि लोगों को घर से बाहर निकलना दुश्वार हो गया। दोपहर में सूरज के तेवर देख लोग घरों से बाहर निकलने से कतराते रहे। बहुत आवश्यक कार्य होने पर ही वह बाहर निकले। लालबाग चौराहा, चुंगी चौराहा, रोडवेज बस स्टाप पर लोगों की आवाजाही बहुत ही कम दिखाई दी। आमतौर पर इन चौराहों पर हर लोगों की भीड़ रहती है। शाम छह बजे के बाद जब धूप की तपिश कम हुई तब लोग घरों से बाहर निकले।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बुधवार को तापमान बढ़ने से गर्मी और सताएगी। भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार फिलहाल नहीं दिख रहे हैं।