सदरपुर (सीतापुर) थानाक्षेत्र में एक शख्स ने खुद को सूबे के मुख्यमंत्री का पीआरओ और गोरखपुर मठ का पुजारी बताकर ट्रैक्टर हादसे में मौत का शिकार हुए पांच बच्चों के मामले से बचाने का झांसा देकर पीड़ित से तीन लाख रुपए ठग लिए। सदरपुर के पहाड़ापुर के शिवशंकर ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि उनके पिता विश्राम लाल के ट्रैक्टर से पांच मई को हादसा हो गया था। हादसे में उनका बेटा और गांव के रहने वाले चार अन्य बच्चों की मौत हो गई थी। पुलिस और मृतक के परिवार वालों से शिवशंकर परेशान था और बचने के उपाय ढूंढ रहा था। उसी बीच पीड़ित के बहनोई सोहन पुत्र मेढ़ीलाल निवासी मंझिया थाना रामपुर कला की मुलाकात ठग नागेंद्र निवासी बाराबंकी से हुई। जो वर्तमान समय में सदरपुर के बंगरहा हेलेपारा में अपनी रिश्तेदारी में बुद्धराज के घर रहता है। ठग नागेंद्र ने पीड़ित के बहनोई को बताया कि वह गोरखपुर मठ का पुजारी है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पीआरओ है।
उसने मुख्यमंत्री सहित बीजेपी के कई बड़े नेताओं के संग अपनी फोटो दिखाई और कहा कि अगर कोई बड़ा काम हो तो बताना। जिसपर पीड़ित के बहनोई ने अपने ससुर विश्राम लाल के ट्रैक्टर से हुए हादसे की पूरी बात बताई। शातिर ठग नागेंद्र ने उक्त समस्या से बचाने के एवज में तीन लाख 50 हजार रुपये की मांग की। कहा कि मुख्यमंत्री से कह कर मामले को रफा-दफा करवा देगा। जिसके बहकावे में आकर सोहन ने पूरी बात पीड़ित को बताई। जिसपर पीड़ित ने शातिर ठग को मिलने के लिए बुलाया और उससे मिलकर पीड़ित ने अपने बैंक खाते से निकाल कर एक लाख रुपया दे दिए।
उसके बाद थोड़ा-थोड़ा करके दो लाख रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर किए। पीड़ित ने बताया कि जब तीन लाख रुपये उसके खाते में पहुंच गए तो अपने काम होने के संबंध में फोन किया। तब शातिर ठग ने पीड़ित के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और जेल भिजवाने की धमकी देते हुए फोन काट कर बंद कर दिया।
एसओ राकेश सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। अगर तहरीर मिली है तो जांच कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।