रामपुर मथुरा। खेत में पिता को खाना देने जा रहे 16 वर्षीय किशोर की मंगलवार को बाढ़ के पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना बगस्ती गांव में तटबंध के पास हुई। चौका नदी की बाढ़ से क्षेत्र में अब तक राहत नहीं मिली है। कई संपर्क मार्गों पर पानी भरा है और करीब दो हजार बीघा फसल जलमग्न है। बगस्ती निवासी कंधई तटबंध के किनारे खेत में काम कर रहे थे।
उनका बेटा शिवा चौहान खाना लेकर खेत जा रहा था। तटबंध की सुरक्षा के लिए बनी एक नंबर ठोकर के पास पहुंचते ही पैर फिसलने से वह बाढ़ के पानी में गिर गया। गहराई अधिक होने से वह डूबने लगा। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। स्थानीय निवासी प्रेमचंद्र ने शव को पानी से बाहर निकाला। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मंगलवार को सरयू का जलस्तर 118 मीटर दर्ज किया गया। चौका नदी का जलस्तर 118.45 मीटर रहा। पानी घटने के बावजूद निचले इलाकों में जलभराव है। बांसुरा-गुड़इचा, मरौचा-सिरकुंडा और भागीपुर-सिरकुंडा समेत कई संपर्क मार्गों पर पानी भरा है। गौरा, जरावन, भागीपुर, सरैया मसूदपुर, बांसुरा, रायपुर, अलायपुर, पिपरी और सिरकुंडा समेत 13 से अधिक गांवों की करीब दो हजार बीघा फसल प्रभावित हुई है। इसी बीच जिन किसानों को फसल काटने का माैका मिल रहा है वे किसी तरह से आनन-फानन में अपनी फसल को तैयार कर कम दामों में आढ़तियों को बेच रहे हैं।