सदरपुर (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में रविवार सुबह मोबाइल ठीक कराने जा रहे बाइक सवार किशोर की ट्रैैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर मौत हो गई। उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सदरपुर थाना क्षेत्र के बकहुंआ गांव निवासी गुड्डूू (16) पुत्र परमेश्वर रविवार सुबह बाइक से गांव के ही सोनू (13) पुत्र मनोज के साथ मोबाइल ठीक करवाने के लिए क्षेत्र के ही गोड़ैचा चौराहे की तरफ जा रहे थे।
जब दोनों लोग रास्ते में एक प्राइवेट स्कूल के पास पहुंचे, तभी विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक में सामने से टक्कर मार दी। इस हादसे में गुड्डू बाइक सहित सड़क पर गिर गया और उसके सिर से ट्रॉली का पहिया निकल गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के दौरान बाइक पर सवार बालक सोनू दूसरी ओर गिरा, जिससे वह भी गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे की खबर पाकर वहां भारी भीड़ जमा हो गई। फौरन पुलिस भी पहुंच गई।
सदरपुर एसओ रनवीर सिंह भी मौके पर पहुंचे। एसओ का कहना है कि घायल को इलाज के लिए भेजा गया है। दोनों वाहनों को कब्जे में लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। केेस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।